Shivraj Singh Chouhan की मध्य प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड जल्द, कहा कांग्रेस हताश और परेशान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) के अनुसार जल्दी ही उनकी सरकार का एक रिपोर्ट कार्ड आएगा जिसमे प्रदेश की प्रगति का लेखा जोखा होगा। शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार (18 अगस्त) को कहा की भाजपा मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव, जो 2023 के अंत में होने वाले हैं, के लिए पूरी तरह से तैयार है और तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही है।

शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने यह घोषणा भाजपा द्वारा मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव (Madhya Pradesh elections) के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी होने के एक दिन बाद की। पार्टी ने मध्य प्रदेश, जहाँ 230 विधान सभा सीटें हैं, के लिए गुरुवार (17 अगस्त) 39 उम्मीदवारों की घोषणा की।

“सरकार का विकास पर्व चल रहा है।जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। अलग-अलग करीब कल्याण और जन कल्याण के कार्यक्रम लगातार किए जा रहे हैं। अभी 22 तारीख को मुख्यमंत्री सीखो और कमाओ योजना का शुभारंभ होने वाला है। लाडली बहना जैसी कई योजनाएं हम लोग पहले से ही चला रहे हैं। युद्ध स्तर पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव के मैदान में है,” शिवराज सिंह चौहान ने कहा।

अपने विरोधी कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस कह रही थी एक साल पहले उम्मीदवार घोषित करेंगे, छ महीने पहले उम्मीदवार घोषित करेंगे लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने तो अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। हमारे सेनापति अब मैदान में है।”

“हमारी तैयारी देखकर कांग्रेस परेशान है। अभी 20 तारीख को फिर से हमारे नेता केंद्रीय गृहमंत्री माननीय अमितशाह जी भोपाल आ रहे हैं। वह सबका रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। हमने जो काम किया है उनके बारे में बताएंगे। हमारे विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक फिर ग्वालियर में 20 तारीख को होने वाली है। विधानसभा के सम्मेलन चल रहे हैं, जन दर्शन चल रहे हैं, अलग-अलग कार्यक्रम चल रहे हैं। हम लोग विजय के संकल्प और विश्वास के साथ मैदान में है। कांग्रेस बौखला गई है इसलिए उल जलूल आरोपो पर उतर आई है लेकिन जनता का जो प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है वह अद्भुत और अभूतपूर्व है,” उन्होंने कहा।

शिवराज ने दावा किया की भाजपा के नेताओं के सभाओं में आपार जनसमूह उमड़ा रहा है और यह देख कांग्रेस चिंतित है। “जन दर्शन में भीड़ उमड़ रही है। हमारी कई यात्राएं भी प्रारंभ होने वाली है। इसी को देखकर कांग्रेस परेशान है। भारतीय जनता पार्टी फिर से भारी बहुमत से 2023 का विधानसभा चुनाव जीत कर सरकार बनाने वाली है,” उन्होंने कहा।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 29 की 29 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।