Asian Games 2023: अविनाश साबले को 3000 मीटर स्टीपलचेज़, तेजिंदरपाल को शॉटपुट में स्वर्ण

Asian Games 2023 Badminton

भारतीय एशियाई गेम्स 2023 (Asian Games 2023) एथलेटिक्स दल ने रविवार (1 अक्टूबर) को चीन के हांगझू ओलंपिक स्पोर्ट्स एरेना में पदकों की झड़ी लगा दी और दो स्वर्ण के साथ कुल नौ तमगे जीते। भारत के सबसे हीरो रहे अविनाश साबले, जिन्होंने ने 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में एशियाई खेलों के रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। तजिंदरपाल सिंह तूर को शॉटपुट में दूसरा स्वर्ण मिला जब उन्होंने 20.36 मीटर के थ्रो के साथ अपने एशियाई गेम्स खिताब को बरक़रार रखा।

साबले ने 8:19:50 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण झटका और साथ ही एशियाई गेम्स रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। तूर के पहले दोनों थ्रो फ़ाउल थे और एक समय वो मुश्किल में नज़र आ रहे थे क्यूंकि सऊदी अरब के मोहम्मद दाउदा टोलो सबसे आगे थे। टूर के अपने छठे और अंतिम थ्रो पर पूरा दम लगाया और 20.36 मीटर का तक शॉटपुट उछाला। इस प्रदर्शन की बराबरी करने में असमर्थ टोलो को रजत पदक लेना पड़ा।

रजत पदक विजेताओं में पुरुषों की लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर, महिलाओं की 1500 मीटर में हरमिलन बैंस और पुरुषों की 1500 मीटर में अजय कुमार सरोज शामिल थे। हरमिलन बैंस ने 4:12.74 सेकेंड के समय के साथ दौड़ पूरी की, जबकि सरोज ने 3:38.94 और जॉनसन ने 3:39.74 सेकेंड का समय निकाला।

ज्योति याराजी ने भी एशियाई गेम्स 2023 (Asian Games 2023) महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में नाटकीय प्रदर्शन के बाद रजत पदक जीता। चीन के एक रेसर ने ग़लत शुरुआत की लेकिन उसे जारी रखने की अनुमति दी गई। ज्योति ने मूल रूप से कांस्य पदक जीता था लेकिन समीक्षा के बाद चीन के एथलीट को अयोग्य घोषित कर दिया गया और भारत की झोली में एक और रजत आ गया।

पिछले एशियाई खेलों के चैंपियन जिन्सन जॉनसन ने भी रविवार को पुरुषों की 1500 मीटर में कांस्य पदक जीता।नंदिनी अगासरा ने महिला हेप्टाथलॉन में और सीना पुनिया ने महिला डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक अपने नाम किया। नंदिनी अगासरा ने कुल मिलाकर 5712 अंक, जो व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ है, अर्जित किये। उन्होंने अंतिम स्पर्धा – 800 मीटर दौड़ – जीतकर हमवतन स्वप्ना बर्मन से आगे तीसरा स्थान हासिल किया।

Asian Games 2023: भारत ने पुरुष टीम बैडमिंटन में जीता रजत

भारत की पुरुष बैडमिंटन टीम एशियाई खेल 2023 में गत चैंपियन चीन से हार गई और उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही और लक्ष्य सेन ने चीन के शी युकी को तीन गेमों में 22-20, 14-21, 21-18 से हराया।

उसके बाद चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने दुनिया की नंबर 2 जोड़ी को 55 मिनट में 21-15, 21-18 से हरा दिया और भारत के स्वर्ण पदक की उम्मीदों को जगा दिया। लेकिन फिर चीन ने लगातार तीन मैच जीत अपने ख़िताब की रक्षा करने में कामयाबी हासिल कर ली।

पहले किदांबी श्रीकांत ली शिफेंग से 22-24, 9-21 हारे। युगल मैच में लियू युचेन और ओउ जुआनयी की जोड़ी ने ध्रुव कपिला और साई कृष्णा के खिलाफ 21-6, 21-15 से जीत हासिल की।

चोट के कारण एचएस प्रणय के बाहर होने पर, मिथुन मंजूनाथ अंतिम मुकाबले के लिए कोर्ट पर उतरे लेकिन वह वेंग होंगयांग से हार गए।

भारत की निकहत ज़रीन  एशियाई गेम्स 2023 (Asian Games 2023) में महिलाओं के 50 किग्रा बॉक्सिंग के सेमीफाइनल में थाईलैंड की रक्सत चुथामत से हार गईं और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।