Madhya Pradesh Elections: ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया के करीबी नेता बीजेपी छोड़ वापस कांग्रेस में

samandar patel madhya pradesh elections jyotiraditya scindia

जैसे जैसे मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 (Madhya Pradesh Elections) नज़दीक आ रहा है नेताओं को एक पार्टी से दुसरे में जाना शुरू हो गया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और ज्योतिरादित्य सिंधिया के वफादार समंदर पटेल शुक्रवार (18 अगस्त) को मध्य प्रदेश प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीपीसीसी) प्रमुख कमल नाथ की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हो गए हैं।

समंदर पटेल प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित पीसीसी कार्यालय में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में वापस आये। कांग्रेस नेताओं के अनुसार पटेल ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए अपने समर्थकों के साथ नीमच में अपने गृहनगर जावद से राज्य की राजधानी भोपाल में पार्टी कार्यालय तक 800 से अधिक वाहनों के काफिले का नेतृत्व किया और आगामी विधानसभा चुनाव (Madhya Pradesh Elections) में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

“समंदर पटेल पार्टी की विचारधारा, रीति-नीति, सिद्धांतों और पार्टी के प्रति निष्ठा के साथ बिना शर्त कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। उनकी सच्चाई उन्हें यहां ले आई है और मुझे पूरा विश्वास है कि वह यह सच्चाई अपने क्षेत्र के लोगों को बताएंगे,” मध्य प्रदेश कांग्रेस मुखिया कमल नाथ ने कहा।

“2018 में कांग्रेस की सरकार जनता के वोट से बनी थी, लेकिन शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार खरीद-फरोख्त कर धनबल से बनी। बीजेपी 18 साल से सरकार में है, लेकिन प्रदेश कि तस्वीर सबके सामने है, जहां देखो भ्रष्टाचार, और घोटाला ही घोटाला,” कमल नाथ ने बीजेपी पर आरोप लगाया।

“चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार न केवल भ्रष्टाचार में नंबर वन है, बल्कि महिलाओं, किसानों और युवाओं पर अत्याचार में भी नंबर वन है। अब, राज्य के लोगों ने शिवराज सरकार को अलविदा कहने का मन बना लिया है,” नाथ ने कहा। “मैं भी उन्हें अलविदा कहूंगा लेकिन प्यार के साथ।”

यह पहला मौका नहीं है कि सिंधिया के वफादार कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। हाल ही में जिले के कोलारस क्षेत्र में सिंधिया के साथ काम करने वाले पूर्व शिवपुरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ सिंह यादव अपने कई कार्यकर्ताओं के साथ फिर से कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।

सिंधिया के एक और सहयोगी, राकेश गुप्ता, जो व्यापारी वर्ग से जुड़े थे, ने भी भाजपा छोड़ दी और अपने कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी में लौट आए। मध्य प्रदेश में 2023 के अंत में विधानसभा चुनाव (Madhya Pradesh Elections) होने हैं। प्रदेश में अभी भाजपा की सरकार है और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री हैं।