Asian Games 2023 Hockey: भारत ने उज़्बेकिस्तान को 16-0 से रौंदा

Asian Games 2023 Hockey India vs Uzbekistan

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार (24 सितम्बर) को हांगझू (चीन) के गोंगशू कैनाल स्पोर्ट्स पार्क स्टेडियम में एशियाई खेलों 2023 (Asian Games 2023 Hockey) के अपने शुरुआती पूल ए मैच में उज़्बेकिस्तान को आसानी से हरा कर अपना अभियान शुरू किया। भारत के लिए ललित उपाध्याय (7′, 24′ 37′, 53′), वरुण कुमार (12′, 36′, 50′, 52′), अभिषेक (17′), मनदीप सिंह (18′, 27′, 28 ‘) अमित रोहिदास (38′), सुखजीत (42′), शमशेर सिंह (43′) और संजय (57’) ने गोल दागे। अंतिम स्कोर 16-0 से भारत के पक्ष में रहा।

इस जीत के साथ तीन बार का एशियाई खेल चैंपियन भारत एशियाई खेल 2023 पुरुष हॉकी (Asian Games 2023 Hockey) पूल ए स्टैंडिंग में शीर्ष पर पहुंच गया। प्रत्येक पूल से शीर्ष की दो टीमें सेमीफाइनल में पहुचेंगी।

एफआईएच रैंकिंग में तीसरे स्थान पर मौजूद भारत की पुरुष हॉकी टीम अगस्त 2023 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतने के बाद हांग्जो खेलों में आई।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह के बिना शुरुआत करने के बावजूद भारत ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया और दुनिया के 66वें नंबर के उज़्बेकिस्तान को हमेशा बचाव के लिए मजबूर किया। उज़्बेकिस्तान के गोल पर भारत के लगातार दबाव का नतीजा तुरंत सामने आया।

मैच के सात मिनट बाद ललित उपाध्याय ने पेनल्टी कॉर्नर पर उज़्बेक गोलकीपर को छकाकर भारत का स्कोर 1-0 कर दिया। कुछ मिनट बाद वरुण कुमार ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। पहला क्वार्टर भारत के पक्ष में स्कोरबोर्ड पर 2-0 के साथ समाप्त हुआ।

भारत ने दूसरे क्वार्टर में भी अपना दबदबा कायम रखा और अभिषेक और मनदीप सिंह के माध्यम से दो फील्ड गोल किए। उसके बाद ललित उपाध्याय ने गोल पोस्ट के नजदीक से अपना दूसरा और टीम का पांचवां गोल किया।

मनदीप सिंह ने इसके बाद दो मिनट में दो गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत ने हाफ टाइम तक 7-0 की मजबूत बढ़त ले ली। ब्रेक के बाद, भारत ने नौ और गोल जोड़े और 16-0 से जीत पूरी की। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का अगला मुकाबला मंगलवार को सिंगापुर से होगा।

एशियाई खेल 2023 में पुरुष हॉकी टूर्नामेंट (Asian Games 2023 Hockey) एक ओलंपिक क्वालीफायर भी है, जिसमें चैंपियन टीम पेरिस ओलंपिक्स 2024 के लिए स्थान हासिल करेगी।